Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 24 Sep 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मथुरा में खौफनाक वारदात का खुलासा: अपहरण कर युवक की पीट-पीटकर हत्या करने वाले 6 आरोपी व 1 महिला गिरफ्तार

मथुरा पुलिस ने जैत थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज अपहरण और हत्या कांड का खुलासा करते हुए छह वांछित आरोपियों और एक महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त फ्रोंक्स कार, तीन डंडे (आला कत्ल) और मृतक व उसके भाई के दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

बहन के विवाद को लेकर रची गई थी हत्या की साजिश

पुलिस के अनुसार 22 सितम्बर को कुंजनगर निवासी महिला ने अपने दो बेटों बंटी और शंकर के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने पहले दोनों भाइयों का कार से अपहरण किया, फिर मांट-सुरीर मार्ग पर ले जाकर डंडों से बेरहमी से हमला किया।

हमले में बंटी की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल शंकर को सड़क किनारे फेंककर आरोपी फरार हो गए। घायल शंकर का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।

7 आरोपियों को दबोचा, जंगल से मिली कार

थाना जैत पुलिस, एसओजी और स्वाट टीम को मुखबिर से सूचना मिलने पर कुंजनगर और धौरेरा के जंगल में दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान छह पुरुष आरोपी और एक महिला को गिरफ्तार किया गया।

बरामदगी में शामिल हैं:

  • फ्रोंक्स कार (घटना में प्रयुक्त)

  • तीन डंडे (आला कत्ल)

  • मृतक व उसके भाई के दो मोबाइल फोन

पूछताछ में किया सनसनीखेज खुलासा

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनकी बहन संजना पहले बंटी के साथ चली गई थी और बाद में विवाद के बाद वापस घर आ गई। इसी रंजिश को लेकर उन्होंने बंटी को “सबक सिखाने” की योजना बनाई।

आरोपियों ने स्वीकार किया कि 21 सितम्बर को मंडी चौराहे और वैष्णो ढाबे के पास से दोनों भाइयों को कार में जबरन बैठाकर ले गए और सुनसान इलाके में डंडों से हमला किया। मारपीट के दौरान बंटी की मौत होने पर दोनों को सड़क किनारे फेंककर भाग निकले।

गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों में मनोज, सुनील, राजू, महेन्द्र, अवधेश, ललित तथा एक महिला अभियुक्ता शामिल हैं। पुलिस सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में विधिक कार्रवाई कर रही है।

पुलिस का कहना है कि यह हत्या पूर्व नियोजित साजिश के तहत की गई थी और मामले के शेष पहलुओं की जांच जारी है।

Previous News

फरह में CO ने किया पैदल गश्त, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

Next News

मथुरा में SSP के निर्देश पर चला सघन चेकिंग अभियान, संदिग्धों की जांच के साथ पुलिस ने किया पैदल गश्त