Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 23 Sep 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
नगर आयुक्त ओजस्वी राज का विज़न ,23 करोड़ की लागत से जवाहर बाग बने श्रीकृष्ण लीला थीम वाला वेस्ट टू वंडर पार्क

मथुरा के ऐतिहासिक जवाहर बाग की तस्वीर अब पूरी तरह बदलने जा रही है। वैश्विक नगर सृजन योजना के तहत शासन से स्वीकृत लगभग 23 करोड़ रुपये की परियोजना के अंतर्गत सिविल लाइंस स्थित राजकीय उद्यान को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित आधुनिक ‘वेस्ट टू वंडर पार्क’ के रूप में विकसित किया जाएगा। बुधवार को नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने अधिकारियों के साथ पार्क का स्थलीय निरीक्षण कर प्रस्तावित विकास कार्यों का जायजा लिया।

श्रीकृष्ण की लीलाओं से सजेगा पूरा पार्क

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने जिला उद्यान अधिकारी प्रशांत सिंह, मुख्य अभियंता संजय सिंह चौहान, अधिशासी अभियंता अमरेंद्र गौतम तथा कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों के साथ पूरे जवाहर बाग का भ्रमण किया। उन्होंने वर्तमान हरित क्षेत्र, नागरिक सुविधाओं, उपलब्ध स्थान और प्रस्तावित लेआउट का विस्तार से अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रस्तावित पार्क में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन की प्रमुख लीलाओं को आकर्षक थीम आधारित संरचनाओं और कलात्मक इंस्टॉलेशन के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें बाल कृष्ण, गोकुल की बाल लीलाएं, माखन चोरी, गोवर्धन धारण, कालिया नाग मर्दन, रासलीला, कंस वध, मथुरा आगमन और द्वारका नगरी जैसे प्रसंग विशेष आकर्षण होंगे। साथ ही सुदर्शन चक्र एवं ब्रज संस्कृति से जुड़े अन्य कलात्मक प्रतीकों को भी पार्क की पहचान बनाया जाएगा।

कबाड़ से बनेगी कला, मिलेगा पर्यावरण संरक्षण का संदेश

‘वेस्ट टू वंडर’ की अवधारणा के अनुरूप अनुपयोगी एवं अपशिष्ट सामग्री से भव्य कलाकृतियां, थीम आधारित मूर्तियां और रचनात्मक इंस्टॉलेशन तैयार किए जाएंगे। इस परियोजना का उद्देश्य केवल सौंदर्यीकरण नहीं, बल्कि पुनर्चक्रण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को प्रेरित करना भी है।

नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक एनओसी एवं औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर अक्टूबर के प्रथम सप्ताह से विकास कार्य प्रारंभ कराया जाए। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता, सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण तथा समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा जवाहर बाग

परियोजना के तहत पार्क में आकर्षक लैंडस्केपिंग, हरित क्षेत्र, बैठने की आधुनिक व्यवस्था, पैदल पथ, सजावटी प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता सुविधाएं, विश्राम स्थल और पर्यटकों के लिए आवश्यक नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही नर्सरी एवं महत्वपूर्ण हरित क्षेत्रों को सुरक्षित रखते हुए संशोधित लेआउट तैयार किया जाएगा।

नगर आयुक्त ने कहा कि जवाहर बाग का विकास ब्रज की सांस्कृतिक विरासत, भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और आधुनिक नगरीय सुविधाओं का अनूठा संगम होगा। परियोजना पूरी होने के बाद यह पार्क मथुरा आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए एक प्रमुख पर्यटन एवं आकर्षण केंद्र के रूप में विकसित होगा।

Previous News

तमिलनाडु के हॉस्टलों में बीफ परोसने के बयान पर विवाद, संत समाज ने आंदोलन की दी चेतावनी

Next News

फरह में CO ने किया पैदल गश्त, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा