Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 23 Sep 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
विधान परिषद चुनाव 2026: मथुरा में मतदेय स्थलों को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक संपन्न

उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खंड स्नातक के 5 एवं खंड शिक्षक के 6 निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्रस्तावित मतदेय स्थलों पर चर्चा की गई तथा राजनीतिक दलों से सुझाव एवं आपत्तियां आमंत्रित की गईं।

जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 22 सितम्बर 2026 को आगरा खंड शिक्षक एवं आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है। आयोग के निर्देशानुसार जनपद में उसी दिन से आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है।

जनपद में 19-19 मतदेय स्थल, 17 हजार से अधिक मतदाता

जिलाधिकारी ने बैठक में निर्वाचन से जुड़े आंकड़े साझा करते हुए बताया कि मथुरा जनपद में खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 19 मतदेय स्थल एवं 15 मतदान केंद्र, जबकि खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए भी 19 मतदेय स्थल एवं 15 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

अंतिम प्रकाशित निर्वाचक नामावली के अनुसार जनपद में खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 10,642 मतदाता हैं, जिनमें 7,231 पुरुष और 3,411 महिला मतदाता शामिल हैं। वहीं खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 6,683 मतदाता हैं, जिनमें 4,329 पुरुष तथा 2,354 महिला मतदाता पंजीकृत हैं।

यह रहेगा पूरा चुनाव कार्यक्रम

बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित निर्वाचन कार्यक्रम की जानकारी भी दी गई—

निर्वाचन प्रक्रिया

तिथि

अधिसूचना जारी

29 सितम्बर 2026

नामांकन की अंतिम तिथि

6 अक्टूबर 2026

नामांकन पत्रों की जांच

7 अक्टूबर 2026

नाम वापसी की अंतिम तिथि

9 अक्टूबर 2026

मतदान

23 अक्टूबर 2026 (शुक्रवार)

मतगणना

27 अक्टूबर 2026 (मंगलवार)

इसके साथ ही निर्वाचक नामावली में नाम जोड़ने की अंतिम तिथि 29 सितम्बर 2026 निर्धारित की गई है।

24 सितम्बर तक मांगे गए सुझाव और आपत्तियां

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आगरा खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रस्तावित मतदेय स्थलों की सूची उपलब्ध कराते हुए कहा कि यदि किसी मतदेय स्थल को लेकर कोई सुझाव अथवा आपत्ति हो तो उसे 24 सितम्बर 2026 के पूर्वाह्न तक संबंधित उप जिलाधिकारी कार्यालय या जिला निर्वाचन कार्यालय में लिखित रूप से उपलब्ध कराया जाए। प्राप्त सुझावों की जांच के बाद प्रस्ताव भारत निर्वाचन आयोग को अनुमोदन हेतु भेजा जाएगा।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव, भारतीय जनता पार्टी की ओर से सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा एवं विकास सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार धनगर, बहुजन समाज पार्टी, वामपंथी दलों के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज खंडेलवाल, उप जिलाधिकारी सदर, मांट एवं महावन सहित निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की।

Previous News

मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना व भारत टैक्सी सेवा का मथुरा में शुभारंभ, किसानों को मिलेगा ₹6 लाख तक का रियायती ऋण

Next News

हत्या के मामले में वांछित 21 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार