Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 23 Sep 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना व भारत टैक्सी सेवा का मथुरा में शुभारंभ, किसानों को मिलेगा ₹6 लाख तक का रियायती ऋण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी सेवा का शुभारंभ किया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनपदीय कार्यक्रम में किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, सहकारिता विभाग के अधिकारियों और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मांट विधायक राजेश चौधरी, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष निरंजन सिंह धनगर, जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय, एलडीबी शाखा अध्यक्ष राजवीर सिंह, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता अभिषेक कुमार मिश्रा सहित सहकारिता विभाग के अधिकारी एवं बी-पैक्स के पदाधिकारी मौजूद रहे।

लघु व सीमांत किसानों के लिए बड़ी पहल

कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का उद्देश्य लघु एवं सीमांत किसानों को सुलभ और रियायती दर पर दीर्घकालीन कृषि ऋण उपलब्ध कराकर उनकी आय और कृषि उत्पादकता बढ़ाना है।

योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को ₹6 लाख तक का दीर्घकालीन ऋण मात्र 6 प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर मिलेगा। समय से ऋण की किस्त जमा करने वाले किसानों को राज्य सरकार की ओर से ब्याज अनुदान का लाभ भी दिया जाएगा।

5 वर्षों में 5 लाख किसानों को मिलेगा लाभ

जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष निरंजन सिंह धनगर ने बताया कि योजना के लिए प्रदेश सरकार ने ₹384 करोड़ की स्वीकृति दी है। अगले पांच वर्षों में प्रदेश के लगभग 5 लाख किसानों को इस योजना से लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। कृषि यंत्र, सिंचाई, डेयरी, बागवानी तथा अन्य कृषि आधारित गतिविधियों के लिए भी ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि ऋण स्वीकृति प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था को भी बढ़ावा दिया गया है, जिससे किसानों को आसानी से योजना का लाभ मिल सके।

भारत टैक्सी सेवा भी हुई शुरू

इसी अवसर पर प्रदेश में भारत टैक्सी सेवा का भी शुभारंभ किया गया। यह सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड (STCL) द्वारा संचालित देश का पहला सहकारिता आधारित डिजिटल राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म है। इसकी अवधारणा “सारथी ही मालिक” पर आधारित है, जिसमें चालक स्वयं सदस्य और हितधारक बनकर जुड़ेंगे।

इस सेवा का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय और किफायती परिवहन उपलब्ध कराना तथा चालकों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करना है।

किसानों से योजना से जुड़ने की अपील

मांट विधायक राजेश चौधरी ने उपस्थित किसानों और सहकारी बंधुओं से आह्वान किया कि वे सेवा भाव के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए अधिक से अधिक पात्र किसानों को योजना से जोड़ें। उन्होंने कहा कि किसान देश की समृद्धि का आधार हैं और सहकारिता को मजबूत किए बिना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त नहीं बनाया जा सकता।

कार्यक्रम के अंत में बी-पैक्स अध्यक्षों, उपाध्यक्षों एवं सहकारिता से जुड़े प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना और भारत टैक्सी सेवा का व्यापक प्रचार-प्रसार कर जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया

Previous News

11वें आयुर्वेद दिवस पर कलेक्ट्रेट में लगा वृहद स्वास्थ्य शिविर, डीएम ने किया शुभारंभ

Next News

विधान परिषद चुनाव 2026: मथुरा में मतदेय स्थलों को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक संपन्न