11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित वृहद आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन एवं फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने आयुर्वेद को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
इस वर्ष आयुर्वेद दिवस की थीम “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद (Ayurveda for a Healthier Tomorrow)” तथा टैगलाइन “One Health, One Future: Integrating Ayurveda Science through Evidence, Innovation and Holistic Care” रखी गई है।
आयुर्वेद स्वस्थ जीवन का आधार: डीएम
शिविर के शुभारंभ अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि आयुर्वेद केवल रोगों के उपचार की पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ व्यक्ति के स्वास्थ्य संरक्षण और रोगों की रोकथाम का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित दिनचर्या, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, योग, व्यायाम तथा प्रकृति के अनुरूप जीवनशैली अपनाकर निरोगी जीवन प्राप्त किया जा सकता है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसामान्य को आयुर्वेदिक चिकित्सा, औषधीय पौधों के महत्व, स्वच्छता और स्वास्थ्यवर्धक जीवनशैली के प्रति अधिक से अधिक जागरूक किया जाए।
निःशुल्क उपचार व दवा वितरण
आयोजित स्वास्थ्य शिविर में चिकित्साधिकारी डॉ. ऋतु सांगवान एवं डॉ. रचना ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आयुर्वेदिक परामर्श दिया। शिविर में आने वाले रोगियों को निःशुल्क आयुर्वेदिक दवाओं का वितरण भी किया गया।
पूरे जिले में मनाया गया आयुर्वेद दिवस
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. डिगम्बर सिंह ने बताया कि जनपद के सभी राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालयों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में धन्वंतरि पूजन के साथ स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। कृषि एवं वन विभाग के सहयोग से “एक पौधा अपनाएं” अभियान के तहत औषधीय पौधों का वितरण तथा हर्बल गार्डन विकसित करने की पहल भी की गई।
वहीं जिले के विद्यालयों में योग, ध्यान, क्विज, निबंध, पोस्टर प्रतियोगिता एवं आयुर्वेद जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. डिगम्बर सिंह, जिला सूचना अधिकारी प्रशांत कुमार सुचारी सहित आयुष विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।