मथुरा के वृन्दावन रोड स्थित ग्रोइंग सोल किड्स स्कूल में 12 दिवसीय गणपति उत्सव का अत्यंत भव्य और धूमधाम से शुभारंभ हुआ। उत्सव की शुरुआत शिव बाला नाथ नगर स्थित शिव मंदिर से एक विशाल और आकर्षक शोभायात्रा के साथ की गई। इस शोभायात्रा में स्कूली छात्र-छात्राओं ने भगवान शिव, माता पार्वती, कार्तिकेय और श्री गणेश जी का मनमोहक स्वरूप धारण कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। इसके साथ ही छात्र-छात्राओं के परिजनों द्वारा एक भव्य कलश यात्रा भी निकाली गई, जिसमें कुल 131 महिलाओं ने सिर पर पवित्र जल रखकर सहभागिता की।
शोभायात्रा और कलश यात्रा में भगवान गणेश के साथ हाथी, चूहों और गोरिल्ला ने भी बच्चों का भरपूर मनोरंजन किया। ये सभी पात्र नाचते-गाते हुए शोभायात्रा के साथ-साथ चल रहे थे। इस भव्य गणपति यात्रा का समापन ग्रोइंग सोल किड्स स्कूल के मुख्य मंच पर गणपति स्थापना के साथ हुआ। इस अवसर पर सैकड़ों छात्राओं ने आकर्षक मराठी वेशभूषा धारण कर रखी थी और उनके द्वारा लगाए गए 'गणपति बप्पा मोरया' के गगनभेदी नारों से पूरा आसमान गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए ग्रोइंग सोल किड्स स्कूल की प्रधानाचार्य सोनिका शर्मा ने बताया कि विद्यालय में इस धार्मिक आयोजन को लेकर बच्चों और अभिभावकों में काफी उत्साह है।