मथुरा स्थित आर.सी.ए. बालिका स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हिंदी दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में डॉ. धर्मराज उपस्थित रहे। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. अंजु बाला अग्रवाल ने अतिथि वक्ता को पटुका पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत व सम्मान किया।
कार्यक्रम के दौरान हिंदी सप्ताह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं की घोषणा की गई। प्रो. भारती सागर ने चार्ट, निबंध, साहित्यकार परिचय चर्चा, काव्य पाठ और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं के नाम घोषित किए। इन प्रतियोगिताओं में महाविद्यालय की छात्राओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
अपने संबोधन में डॉ. धर्मराज ने हिंदी भाषा और साहित्य की पृष्ठभूमि पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने आधुनिक समय में हिंदी के साथ-साथ विभिन्न बोलियों के साहित्य में प्रयोग की जानकारी छात्राओं को दी। डॉ. धर्मराज ने वर्तमान समय में हिंदी को रोजगार से जोड़ने की दिशा में प्रयास किए जाने की आवश्यकता बताई। साथ ही उन्होंने नई पीढ़ी में अभिव्यक्ति की कमी और हिंदी लिखते समय होने वाली वर्तनी की अशुद्धियों पर चिंता जताते हुए छात्राओं से हिंदी भाषा का अधिकाधिक और शुद्ध प्रयोग करने का आह्वान किया।
वहीं, महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. अंजु बाला अग्रवाल ने सभी छात्राओं को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं दीं और उन्हें हिंदी भाषा के अध्ययन तथा दैनिक जीवन में इसके अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया।