Please wait we are preparing awesome things...

Friday, 11 Sep 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
साधु की भविष्यवाणी के फेर में उठा ले गए मासूम, लिव-इन पार्टनर गिरफ्तार; 3 दिन में बच्चे को सकुशल बचाया

मथुरा जंक्शन से पांच महीने के मासूम के अपहरण का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। संतान की चाह और एक साधु की भविष्यवाणी के अंधविश्वास में फंसे लिव-इन पार्टनर ने सोती हुई मां की गोद से बच्चे का अपहरण कर लिया। हाईवे पुलिस ने तीन दिन के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मासूम को सकुशल बरामद कर लिया।

घटना 8 सितंबर की रात मथुरा जंक्शन की है, जहां अपनी मां के साथ सो रहे पांच माह के बच्चे को अज्ञात लोग उठा ले गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए हाईवे थाना पुलिस और साइबर सर्विलांस टीम ने संयुक्त अभियान चलाया और 11 सितंबर को दोनों आरोपियों को मध्य प्रदेश के मुरैना से गिरफ्तार कर लिया।

पत्रकार वार्ता में सीओ रिफाइनरी ने बताया कि गिरफ्तार महिला सीमा की शादी वर्ष 2018 में देशराज से हुई थी। संतान न होने के कारण वह पति से अलग हो गई और मुरैना के एक अस्पताल में दाई का काम करने लगी, जहां उसकी मुलाकात संजीव से हुई। दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे।

पुलिस के अनुसार 5 सितंबर को जब दोनों मथुरा आए, तो स्टेशन के बाहर एक साधु ने सीमा का हाथ देखकर कहा कि उसकी कुंडली में संतान का सुख है। इसी भविष्यवाणी को सच मानते हुए दोनों ने एक बच्चे का अपहरण करने की योजना बनाई और 8 सितंबर की रात सोती हुई मां की गोद से मासूम को उठाकर मुरैना ले गए।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और पांच महीने के मासूम को सुरक्षित उसके माता-पिता के हवाले कर दिया।

अंधविश्वास के जाल में फंसा यह प्रेमी जोड़ा अब जेल की सलाखों के पीछे है। वहीं पुलिस की तत्परता से तीन दिन के भीतर मासूम अपनी मां की गोद में लौट आया, जिसके बाद परिवार ने राहत की सांस ली।

Previous News

संस्कृति विवि में आत्महत्या रोकथाम दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, मानसिक स्वास्थ्य पर विशेषज्ञों ने दिए अहम सुझाव

Next News

कांशीराम कॉलोनी को नोटिस, सड़कों पर उतरे निवासी