संस्कृति विश्वविद्यालय में विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर मानसिक स्वास्थ्य और आत्महत्या की रोकथाम विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को मानसिक तनाव से जूझ रहे लोगों की समय पर मदद, भावनात्मक सहयोग और काउंसलिंग के महत्व से अवगत कराया।
संस्कृति स्कूल ऑफ साइकोलॉजी, स्कूल ऑफ एजूकेशन, स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज़ एंड सोशल साइंसेज़, इंटरनल कंप्लेंट कमेटी एवं काउंसलिंग सेल के संयुक्त तत्वावधान में विश्वविद्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य वक्ता इति महेश्वरी और विशिष्ट अतिथि लवलीन कौर ने आत्महत्या रोकथाम और मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता पर इंटरैक्टिव प्रस्तुति दी।
विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को बताया कि मानसिक परेशानी को छिपाने के बजाय समय रहते संवाद, काउंसलिंग और पेशेवर सहायता लेना बेहद आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े सवाल पूछे और विशेषज्ञों से समाधान प्राप्त किए।
वक्ताओं ने छात्रों को ‘इन्फीहील’ और उसके मानसिक स्वास्थ्य प्लेटफॉर्म ‘हीलो’ की जानकारी देते हुए बताया कि तकनीक के माध्यम से मनोवैज्ञानिक सहायता को अधिक सुलभ बनाया जा सकता है। उन्होंने सहानुभूति, सक्रिय रूप से सुनने और भावनात्मक सहयोग को आत्महत्या रोकथाम का महत्वपूर्ण आधार बताया।
कार्यक्रम का आयोजन संस्कृति स्कूल ऑफ साइकोलॉजी की विभागाध्यक्ष प्रो. मोनिका अब्रोल के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर मुस्कान कौशिक ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि रेनू ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील और जागरूक रहने का संदेश दिया।