मथुरा। नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की विस्तार योजना के तहत सेठवाड़ा व्यवसाई समिति का गठन स्थानीय धर्मशाला में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के दौरान किया गया। कार्यक्रम में व्यापारियों ने संगठन की मजबूती और व्यापारी हितों की रक्षा का संकल्प लिया।
समारोह का शुभारंभ नगर अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, महामंत्री शशिभानु गर्ग, सुनील साहनी, कोषाध्यक्ष मीनालाल अग्रवाल तथा नवनिर्वाचित अध्यक्ष ओमप्रकाश वर्मा एवं महामंत्री प्रमोद अग्रवाल ने महालक्ष्मी जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
नगर अध्यक्ष सुनील अग्रवाल और महामंत्री शशिभानु गर्ग ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाते हुए कहा कि व्यापारियों के उत्पीड़न और क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान के लिए पूरा व्यापारी समाज एकजुट होकर संघर्ष करेगा। उन्होंने संगठन को व्यापारियों की सबसे बड़ी ताकत बताया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि नगर में 50 से अधिक क्षेत्रीय व्यापारिक समितियों का गठन किया जा चुका है और प्रत्येक बाजार को संगठित कर व्यापारिक हितों की रक्षा के लिए मजबूत नेटवर्क तैयार किया जा रहा है।