जतीपुरा मार्ग स्थित राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में शुक्रवार को मरम्मत कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मुख्य गेट का छज्जा अचानक भरभराकर गिरने से उसके नीचे काम कर रहे दो मजदूर मलबे में दब गए। दोनों को गंभीर हालत में पहले गोवर्धन सीएचसी और बाद में आगरा रेफर किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कॉलेज में इन दिनों भवन की मरम्मत का कार्य चल रहा था। शुक्रवार को मजदूर मुख्य गेट की छज्जी पर कार्य कर रहे थे, तभी अचानक छज्जे का बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे आ गिरा। तेज धमाके के साथ हुए हादसे से कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग मौके पर दौड़ पड़े।
स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर मलबे में दबे दोनों मजदूरों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोवर्धन पहुंचाया। घायलों की पहचान लालसिंह निवासी अड़ींग और पंकज निवासी भरतपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए आगरा के उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया।
हादसे के बाद निर्माण कार्य में बरती जा रही सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मरम्मत कार्य के दौरान मजदूरों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाने चाहिए थे, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल घटना के बाद कॉलेज परिसर में मरम्मत कार्य की सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा तेज हो गई है।