महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को मजबूत बनाने के उद्देश्य से थाना कोसीकलां पुलिस ने मिशन शक्ति फेज़-5.0 के तहत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, आत्मरक्षा और महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों की जानकारी दी गई।
मिशन शक्ति पुलिस टीम ने महिलाओं को गुड टच–बैड टच, छेड़छाड़ से बचाव और सार्वजनिक स्थानों पर होने वाली घटनाओं के दौरान तुरंत कार्रवाई करने के लिए प्रेरित किया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की उत्पीड़न की स्थिति में डरने के बजाय तुरंत 1090 वीमेन पावर लाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा या निकटतम थाने में एफआईआर दर्ज करानी चाहिए।
अभियान के दौरान व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सुरक्षित उपयोग करने, साइबर ठगी से बचने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए भी जागरूक किया गया।
पुलिस ने महिलाओं को 1076, 1090, 181, 112, 102, 108, 1098, 101 और 1930 सहित सभी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर आवश्यकता पड़ने पर उनका तत्काल उपयोग करने की अपील की।