मथुरा: थाना गोवर्धन पुलिस ने फर्जी एवं कूटरचित बैनामा तैयार कर प्लॉट हड़पने के प्रयास, मारपीट और धमकी देने के मामले में वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गुरुवार सुबह कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को ग्राम पाली ब्राह्मणान स्थित उनके घर के बाहर से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में संजीव (25 वर्ष), पिंटू (22 वर्ष) तथा एक 47 वर्षीय महिला शामिल हैं। तीनों के खिलाफ थाना गोवर्धन में दर्ज मुकदमा संख्या 355/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की गई है।
क्या है मामला?
पुलिस के मुताबिक वादी की बहन को एक प्लॉट बेचने के बाद आरोपियों ने कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसी प्लॉट का दोबारा बैनामा कराने का प्रयास किया। आरोप है कि 25 फरवरी 2026 को कूटरचित कागजात सब-रजिस्ट्रार कार्यालय मथुरा में प्रस्तुत किए गए। विरोध करने पर पीड़ित पक्ष के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
गिरफ्तार आरोपी
-
संजीव पुत्र स्व. प्रसादी, निवासी ग्राम पाली ब्राह्मणान
-
पिंटू पुत्र स्व. प्रसादी, निवासी ग्राम पाली ब्राह्मणान
-
एक महिला अभियुक्ता, निवासी ग्राम पाली ब्राह्मणान
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।