मथुरा में श्री अग्रवाल सभा (रजि.) की आमसभा की बैठक अग्रवाटिका में सम्पन्न हुई, जिसमें महाराजा अग्रसेन जयंती की तैयारियों से जुड़े अनेक प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
मुख्य मीडिया प्रभारी सचिन अग्रवाल घी वाले ने बताया कि नगर के विभिन्न क्षेत्रों से उपस्थित 400 से अधिक सदस्यों ने संयोजकों का अनुमोदन किया तथा शोभायात्रा को आकर्षक बनाने के सुझाव दिए। बैठक का संचालन करते हुए प्रधानमंत्री सुभाष अग्रवाल सिक्का ने बताया कि इस वर्ष शोभायात्रा में महाराजा अग्रसेन के स्वरूप में गोवर्धन दास मुकुट वाले होंगे। शोभायात्रा के रात्रि सहभोज के आतिथ्यकर्ता जल पुरुष प्रमोद अग्रवाल कसेरे होंगे तथा इसका आयोजन होलीगेट स्थित अप्सरा पैलेस में होगा।
शोभायात्रा के लिए 18 राजकुमारों के चयन हेतु फॉर्म 10 से 15 सितंबर तक चिन्हित स्थानों पर मिलेंगे और 15 सितंबर तक ही जमा होंगे। राजकुमारों का चयन 22 सितंबर मंगलवार को दोपहर 4 बजे अग्रवाटिका में लॉटरी ड्रा द्वारा किया जाएगा। अग्रसेन जयंती महोत्सव 8 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक आयोजित होगा।
मुख्य शोभायात्रा 12 अक्टूबर को चंपा अग्रवाल इंटर कॉलेज से प्रारंभ होकर नगर भ्रमण करते हुए तिलक द्वार अग्रवाल धर्मशाला पर समाप्त होगी। इसके उपरांत 13, 14 व 15 अक्टूबर को विशाल मेले का आयोजन किया जाएगा। बैठक में मौजूद मुख्य निर्वाचन अधिकारी जयंती प्रसाद अग्रवाल ने सभी से एकजुटता के साथ सहभागिता का आह्वान किया।