मथुरा के माल गोदाम रोड, गोपाल नगर स्थित कृष्णा जन कल्याण शिक्षण संस्थान द्वारा संचालित कृष्णा दिव्यांग सेवा आश्रम में गुरुवार को ड्रेस वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में अधिवक्ताओं द्वारा कुल 40 दिव्यांग विद्यार्थियों को नई ड्रेस, आवश्यक सामग्री और खाद्य पदार्थ वितरित किए गए। बच्चों को समोसा, केला, लड्डू एवं अन्य खाद्य सामग्री प्रदान की गई, जिन्हें पाकर विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। इससे पूर्व संस्थान के पदाधिकारियों ने आए हुए अतिथियों का पटुका एवं माला पहनाकर सम्मान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मथुरा बार अध्यक्ष एडवोकेट राघवेंद्र सिंह ने कहा कि दिव्यांग बच्चों की शिक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आकर सहयोग करना चाहिए। वहीं विशिष्ट अतिथि मथुरा बार सचिव एडवोकेट मनोज शर्मा ने संस्थान द्वारा दिव्यांग विद्यार्थियों के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में नीशू यादव, रवि ठाकुर, जयन्ती प्रसाद सारस्वत, मोहम्मद औसाफ और तरुण चतुर्वेदी उपस्थित रहे। इसके अलावा संस्थान अध्यक्ष बांके लाल यादव (पूर्व उप निरीक्षक), सचिव के.बी. यादव, प्राचार्य रोहित चौधरी, प्राचार्या ममता यादव, विनय यादव, जीतेंद्र यादव, विद्यावती एवं प्रियांशी चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। संस्थान ने भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य निरंतर आयोजित करने की बात कही।