बरसाना के राणा की प्याऊ क्षेत्र में प्रसिद्ध राधा अष्टमी मेले से ठीक पहले कथित अवैध उगाही को लेकर भारी हंगामा हो गया। वसूली के इस विवाद के दौरान एटा से आए श्रद्धालुओं की एक बस का पिछला शीशा तोड़ दिया गया। इस अचानक हुई घटना से बस में सवार श्रद्धालुओं, विशेष रूप से बुजुर्ग महिलाओं के बीच भारी दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बहादुरपुर (एटा) की लक्ष्य ट्रैवल्स की बस (संख्या यूपी-82 एटी-0056) राणा की प्याऊ से गुजर रही थी। उसी दौरान कथित वसूली को लेकर कहासुनी हुई, जो विवाद में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर उपद्रवियों द्वारा बस के पिछले हिस्से का शीशा क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
यह पूरी घटना ऐसे समय में सामने आई है जब प्रशासन ने राधा अष्टमी को लेकर बरसाना को सुरक्षा के लिहाज से 'छावनी' बनाने और चप्पे-चप्पे पर पुलिस निगरानी रखने का दावा किया था। इससे पूर्व एसडीएम गोवर्धन, सीओ गोवर्धन और एएसपी ग्रामीण ने कड़े निर्देश जारी किए थे कि मेले के दौरान किसी भी श्रद्धालु को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। हालांकि, इस घटना ने पुलिस और प्रशासन के सुरक्षा दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।