मथुरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से बड़नगर से वाराणसी तक ऐतिहासिक बाइक यात्रा निकाली जाएगी। करीब 250 बाइकों का यह काफिला युवाओं में सेवा, समर्पण, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का संदेश देगा।
पुष्पांजलि स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में भाजयुमो के प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं बृज क्षेत्र प्रवासी नरेंद्र भाटी ने यात्रा की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि बड़नगर और कर्मभूमि वाराणसी को सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक रूप से जोड़ने का प्रतीक बनेगी।
उन्होंने बताया कि यात्रा दोनों दिशाओं से संचालित होगी। एक दल बड़नगर से वाराणसी के लिए रवाना होगा, जबकि दूसरा दल वाराणसी से बड़नगर की ओर प्रस्थान करेगा। इस दौरान 10 पवित्र नदियों का जल बड़नगर से वाराणसी ले जाया जाएगा और वाराणसी से मां गंगा का जल बड़नगर लाकर विभिन्न पवित्र नदियों के जल से जलाभिषेक किया जाएगा।
आयोजकों का कहना है कि इस अनूठी पहल का उद्देश्य भारत की विविध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं को एक सूत्र में पिरोते हुए राष्ट्रीय एकता का संदेश देना है।
भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन युवाओं के लिए सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा है तथा यह यात्रा उसी संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।