मथुरा। GLA विश्वविद्यालय के विधि संकाय के प्रतिभाशाली छात्र रौनक उपमन्यु अब लंदन स्थित क्वीन मैरी लॉ यूनिवर्सिटी में बैरिस्टर (LLM) की पढ़ाई करेंगे। उनकी शिक्षा एवं अन्य सभी खर्चों का वहन GLA विश्वविद्यालय करेगा। रौनक गुरुवार को लंदन के लिए रवाना होंगे।
रौनक उपमन्यु ने राष्ट्रीय स्तर पर बहस, मूट कोर्ट और युवा संसद प्रतियोगिताओं में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने देशभर में आयोजित 596 मॉडल यूनाइटेड नेशंस (MUN) और युवा संसद प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर 312 प्रथम पुरस्कार हासिल किए हैं। इसी वर्ष उन्होंने पहली ही कोशिश में ऑल इंडिया बार काउंसिल की परीक्षा भी उत्तीर्ण की।
रौनक ने लगातार पांचवीं बार IIT दिल्ली की प्रतिष्ठित MUN प्रतियोगिता जीतने का रिकॉर्ड बनाया। इसके अलावा दिल्ली विश्वविद्यालय के मेडिकल कॉलेज में आयोजित युवा संसद में भी विजेता बनकर ब्रज का नाम रोशन किया। वे अब तक 235 राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में निर्णायक (जज) की भूमिका निभा चुके हैं, जबकि 21 प्रतियोगिताओं का स्वयं सफल आयोजन भी कर चुके हैं।
पिछले आठ महीनों में उन्होंने IIT दिल्ली, IIT रुड़की, IIIT दिल्ली, NIT अगरतला, पंजाब विश्वविद्यालय, एमिटी विश्वविद्यालय और दिल्ली विश्वविद्यालय के कई प्रमुख कॉलेजों सहित देश के शीर्ष संस्थानों में 58 प्रथम पुरस्कार अपने नाम किए।
GLA विश्वविद्यालय के कुलाधिपति नारायण दास अग्रवाल ने कहा कि रौनक की सफलता उनकी प्रतिभा, परिश्रम और विश्वविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने विश्वास जताया कि रौनक भविष्य में विधि के क्षेत्र में देश और ब्रज का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।