वृंदावन: पागलबाबा मंदिर के समीप स्थित गिर्राज नगर रेजिडेंशियल वेलफेयर सोसाइटी के निवासियों ने बुधवार को नगर निगम कार्यालय पहुंचकर अपर नगर आयुक्त नीरज कुमार को ज्ञापन सौंपते हुए पार्क की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि एक व्यक्ति ने सोसाइटी के पार्क का प्रवेश द्वार तोड़कर वहां अवैध निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। विरोध करने पर मारपीट और गाली-गलौज की धमकियां भी दी जा रही हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है।
अपर नगर आयुक्त नीरज कुमार ने बताया कि उन्होंने स्वयं मौके का निरीक्षण किया है, लेकिन फेंसिंग होने के कारण यह स्पष्ट नहीं हो सका कि निर्माण पार्क की जमीन पर हो रहा है या किसी अन्य भूखंड पर।
उन्होंने बताया कि वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (MVDA) के सचिव को पत्र लिखकर कॉलोनी का स्वीकृत नक्शा मांगा गया है। नक्शा प्राप्त होने के बाद नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।