Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 09 Sep 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
संस्कृति विवि दीक्षारंभ 2026: राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र

मथुरा: संस्कृति विश्वविद्यालय के दीक्षारंभ–2026 के दूसरे दिन उत्तर प्रदेश सरकार के व्यवसायिक शिक्षा, कौशल एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को लक्ष्य तय कर अनुशासन और जज्बे के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

राज्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थी सबसे पहले अपना लक्ष्य सुनिश्चित करें और असमंजस से दूर रहें। उन्होंने कहा, “अपने सपनों को साकार करिए, माता-पिता के विश्वास पर खरा उतरिए और जिस क्षेत्र को चुनें, उसमें पूरी लगन से डूबकर मेहनत करिए।” उन्होंने छात्रों को समय का सदुपयोग, संयमित दिनचर्या और जीवनभर सीखने की आदत विकसित करने की सलाह दी।

कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि आज के दौर में एआई, सोलर, एविएशन और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि के किसी एक क्षेत्र में कौशल विकसित करने और अच्छे विचारों को उद्यमिता में बदलने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने रोज़ाना की सीख और प्रेरक विचारों को लिखने के लिए व्यक्तिगत डायरी बनाने की भी सलाह दी।

संस्कृति विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. सचिन गुप्ता ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि संस्कृति विश्वविद्यालय केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि एक परिवार है। उन्होंने छात्रों से माता-पिता की उम्मीदों को पूरा करने, जिम्मेदारी लेने, ईमानदारी और अनुशासन को जीवन का आधार बनाने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि यदि छात्र करियर बनाना चाहते हैं तो पहले उन कंपनियों की जरूरतों को समझें, और यदि उद्यमी बनना चाहते हैं तो स्पष्ट योजना के साथ आगे बढ़ें।

कार्यक्रम में कुलपति प्रो. एम. बी. चेट्टी ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों और शैक्षणिक परंपराओं का परिचय दिया। विशिष्ट अतिथि ओलंपियन कैप्टन अमरीश कुमार अधाना ने अपने सैन्य जीवन के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की सीईओ डॉ. मीनाक्षी शर्मा, रजिस्ट्रार मनीष मिश्रा, डीन डॉ. पंकज गोस्वामी, डॉ. डी.एस. तोमर, विनोद सारस्वत, फहीम अख्तर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के नियमों और शैक्षणिक प्रक्रियाओं की जानकारी दी। अंत में एकेडमिक डीन डॉ. रेनू गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

Previous News

संस्कृति विवि में पश्चिमी उत्तर प्रदेश को बागवानी हब बनाने पर मंथन

Next News

मथुरा: 2 साल से शून्य प्रवेश पर 11 स्कूलों पर गिरी गाज, अस्तित्व समाप्त कर रद्द किए गए U-DISE कोड