Please wait we are preparing awesome things...

Tuesday, 08 Sep 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
पहले कुंडली निकालते, फिर दिखाते डर… बिजनौर पुलिस ने दबोचा करोड़ों की वसूली करने वाला गैंग

उत्तर प्रदेश के बिजनौर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां लोगों की पुरानी रंजिश और विवाद की “कुंडली” निकालकर उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जाती थी। समझौते और मुकदमा वापस कराने के नाम पर लाखों रुपये की वसूली करने वाले इस कथित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

बिजनौर पुलिस के मुताबिक, गिरोह सबसे पहले लोगों के आपसी विवाद, पारिवारिक रंजिश और जमीन-जायदाद के मामलों की पूरी जानकारी जुटाता था। इसके बाद पीड़ित को गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने का डर दिखाकर समझौते के नाम पर पैसों की मांग की जाती थी।

मामले का खुलासा तब हुआ जब एक पीड़ित ने कोतवाली शहर में शिकायत दर्ज कराई। जांच के बाद स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जुल्फेकार उर्फ बब्बू लंगड़ा, अफजाल, गुड्डी, कुन्ती और प्रीति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि गिरोह में महिलाओं का भी इस्तेमाल झूठे मुकदमे दर्ज कराने और दबाव बनाने के लिए किया जाता था।

एसपी केके बिश्नोई के नेतृत्व में पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि अलग-अलग जिलों में दर्ज मुकदमों और न्यायालयी परिवादों के पीछे इसी गिरोह का नेटवर्क तो नहीं था। फिलहाल पांचों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पूरे रैकेट की परतें खोली जा रही हैं।

Previous News

आगरा में फर्जी स्कूलों पर सबसे बड़ी कार्रवाई: 58 स्कूल बंद, ₹58 लाख जुर्माना;- अब होगी FIR

Next News

स्कूल के वॉशरूम में मिला 13 साल के छात्र का शव, हार्ट अटैक की आशंका