आगरा में बिना मान्यता चल रहे स्कूलों पर बेसिक शिक्षा विभाग ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। जिले के 58 गैर-मान्यता प्राप्त स्कूलों पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है और सभी को तत्काल बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं। इतना ही नहीं, आदेश नहीं मानने वाले स्कूल संचालकों पर एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।
बेसिक शिक्षा विभाग की जांच में आगरा के 58 स्कूल बिना मान्यता संचालित होते पाए गए। इसके बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी स्कूलों पर कुल 58 लाख रुपये का जुर्माना लगाते हुए तत्काल संचालन बंद करने के निर्देश दिए।
विभाग ने सभी स्कूल संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है कि आखिर किस अनुमति से वे बच्चों को पढ़ा रहे थे। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर स्कूलों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
बीएसए ने अभिभावकों से भी अपील की है कि बच्चों का दाखिला केवल मान्यता प्राप्त विद्यालयों में ही कराएं, ताकि उनके भविष्य के साथ किसी तरह का खिलवाड़ न हो। इस कार्रवाई से जिले के अवैध स्कूल संचालकों में हड़कंप मच गया है।