अड्डा चौकी के पास श्रीकृष्ण गौशाला के निकट दिखा विशाल अजगर, राहगीरों ने बनाया वीडियो
मथुरा: मथुरा-वृंदावन रोड पर गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क पर करीब 7 फीट लंबा अजगर निकल आया। अजगर को देखते ही दोनों ओर वाहनों के पहिए थम गए और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना अड्डा चौकी के पास श्रीकृष्ण गौशाला के निकट की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विशाल अजगर सड़क पार कर रहा था, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों में दहशत फैल गई। कई लोगों ने सुरक्षित दूरी बनाते हुए अपने मोबाइल फोन से इसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।
कुछ देर तक अजगर सड़क पर ही दिखाई देता रहा, जिसके चलते यातायात प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों ने वन विभाग और संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी, ताकि अजगर को सुरक्षित रूप से जंगल या उपयुक्त स्थान पर छोड़ा जा सके।
घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग मथुरा-वृंदावन रोड पर निकले इस विशाल अजगर को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।