कोतवाली पुलिस ने चैतन्य विहार फेज-1 में किराएदार के कमरे से लाखों रुपये के जेवरात और चांदी के सामान चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए फरार चल रहे मकान मालिक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से दिल्ली निवासी हेमंत शर्मा ने कोतवाली वृंदावन में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 अगस्त को उनके किराए के कमरे से दो सोने की चेन तथा चांदी के कीमती सामान, जिनमें दर्पण, करवा, पायदान, घंटी और सिंहासन शामिल थे, चोरी हो गए थे। घटना के बाद से मकान मालिक वैभव जोशी उर्फ चारमी फरार था।
कोतवाली प्रभारी अश्वनी कुमार के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर गुरुवार रात चामुंडा कट के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसके कब्जे से चोरी किए गए सभी जेवरात और चांदी का सामान बरामद कर लिया गया।
इस कार्रवाई में अड्डा चौकी प्रभारी रोहित तेवतिया, हेड कांस्टेबल रितेश कुमार और कांस्टेबल अंशुल की महत्वपूर्ण भूमिका रही
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है