कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में NEET की तैयारी कर रहे एक छात्र की आत्महत्या का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि छात्र का चचेरा भाई उसकी कथित गर्लफ्रेंड का AI से तैयार किया गया फर्जी आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे लगातार ब्लैकमेल और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था, जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।
परिजनों के अनुसार, छात्र लंबे समय से मानसिक तनाव में था। आरोप है कि आरोपी चचेरा भाई फर्जी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे बदनाम करने का दबाव बना रहा था। घटना के बाद परिवार ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल फोन, डिजिटल साक्ष्य और कथित AI वीडियो की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।