मथुरा (मांट): वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध एवं अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मांट पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से ₹17,880 नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना मांट की टीम राधारानी अंडरपास से करीब 400 मीटर आगे गश्त कर रही थी। इसी दौरान सार्वजनिक स्थान पर कुछ लोग ताश के पत्तों से जुआ खेलते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से पांचों आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामेश्वर निवासी प्रेम नगर मांट, रूपदास निवासी नगला लोहरे, संदीप निवासी नगला बैसला, पिंकू निवासी नगला कलौंदा तथा रामवीर निवासी सरकोरिया, थाना सुरीर के रूप में हुई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जनपद में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।