वृंदावन (मथुरा): तीर्थनगरी वृंदावन के चैतन्य विहार स्थित राधे-राधे धाम गेस्ट हाउस के संचालक पर होम स्टे और गेस्ट हाउस के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लगे हैं। दो अलग-अलग पीड़ितों ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपकर नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है।
पहला मामला छत्तीसगढ़ निवासी मेघा साहू का है। पीड़िता का आरोप है कि गेस्ट हाउस संचालक राजन चौधरी और उसके साथी रामबाबू ने तीन फ्लैट दिलाने का झांसा देकर उनसे करीब ₹3.5 लाख ले लिए। बाद में फर्जी दस्तावेज तैयार कर केवल दो फ्लैट दिए गए, जबकि तीसरे फ्लैट पर आरोपी का कोई अधिकार ही नहीं था। रकम वापस मांगने पर इनकार कर दिया गया। मेघा का आरोप है कि माता-पिता के साथ बातचीत करने पहुंचने पर उनके साथ मारपीट की गई और उनके मैनेजर मित्र का सिर फोड़ दिया गया।
वहीं दूसरा मामला थाना हाईवे क्षेत्र निवासी अनिकेत कुमार का है। उन्होंने बताया कि अपने साझेदार देवेंद्र चौधरी के साथ मिलकर राजन चौधरी से ₹3 लाख प्रतिमाह किराये पर गेस्ट हाउस लिया था, जिसके लिए ₹11 लाख सिक्योरिटी जमा कराई गई। आरोप है कि साझेदार उनके ₹4 लाख लेकर फरार हो गया, जबकि अनुबंध समाप्त होने पर सिक्योरिटी वापस मांगने पर राजन चौधरी ने कथित रूप से गुंडों के बल पर उन्हें गेस्ट हाउस से बेदखल कर दिया।
अनिकेत का यह भी आरोप है कि रुपये मांगने पर उन्हें जातिसूचक गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकी दी गई। दोनों पीड़ितों ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और लाखों रुपये की धनराशि वापस दिलाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने दोनों शिकायतें प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।