गाजियाबाद: दिल्ली-एनसीआर में लगातार बारिश के बीच गाजियाबाद के दिल्ली-सहारनपुर रोड पर जलभराव एक बड़ा हादसा बन गया। पानी से भरी टूटी सड़क पर सवारियों से भरा एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें बैठे कई यात्री घायल हो गए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सड़क की बदहाल स्थिति पर सवाल उठने लगे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो पानी से भरे गड्ढे में पहुंचते ही संतुलन खो बैठा और बीच सड़क पलट गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने दौड़कर यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। राहत की बात यह रही कि किसी की जान नहीं गई।
दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को हुई भारी बारिश के कारण गाजियाबाद समेत कई इलाकों में भीषण जलभराव और लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला। खराब जल निकासी व्यवस्था के चलते कई प्रमुख सड़कें पानी में डूब गईं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान और क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।