सेनापति (मणिपुर): मणिपुर के सेनापति जिले में एक बार फिर हिंसा भड़क उठी है। दो समूहों के बीच हुई गोलीबारी में एक CRPF जवान घायल हो गया, जबकि कई घरों में आग लगा दी गई। ताजा हिंसा के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया है और सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।
पुलिस के अनुसार, हिंसा की शुरुआत तड़के करीब 2:30 बजे कांगपोकपी जिले के ताफोउ कुकी गांव में एक घर में आग लगाए जाने से हुई। इसके कुछ घंटे बाद सेनापति जिले के नागा ताफोउ क्षेत्र में कई मकानों को आग के हवाले कर दिया गया। सुबह करीब 9:20 बजे दो समूहों के बीच गोलीबारी हुई, जिसमें एक CRPF जवान घायल हो गया।
घायल जवान को तुरंत सेनापति जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं आगजनी की घटनाओं के विरोध में स्थानीय लोगों ने सेनापति गेट पर प्रदर्शन किया और राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर लकड़ियां व टायर जलाकर जाम लगा दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस, CRPF और अन्य सुरक्षा बलों की अतिरिक्त टुकड़ियां तैनात कर दी गई हैं। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी है और आगजनी व गोलीबारी के जिम्मेदार लोगों की पहचान कर कार्रवाई शुरू कर दी है।