Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 13 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
सुरीर बस स्टैंड तिराहे पर गंदगी का अंबार, सड़क पर बह रहा नालियों का गंदा पानी... ग्रामीण बेहाल

सुरीर। थाना सुरीर क्षेत्र के बस स्टैंड तिराहा से सिकंदरपुर जाने वाले मार्ग के समीप इन दिनों गंदगी की समस्या गंभीर बनी हुई है। बरसात के चलते हालात और भी बदतर हो गए हैं। पूरे अड्डे पर कूड़े-कचरे के ढेर लगे हैं, जिसमें प्लास्टिक के गिलास, पन्नियां, सड़ी हुई सब्जियां और अन्य गंदगी जमा है।

कूड़े के ढेर के कारण नालियों का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे राहगीरों के साथ-साथ आसपास के दुकानदारों और मकान मालिकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बाद कचरे से सड़न भरी दुर्गंध उठ रही है और गंदे पानी के चलते इलाके में मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है।

ग्रामीणों को आशंका है कि यदि समय रहते सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो जलभराव और गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। लोगों का कहना है कि सड़क और आसपास के क्षेत्र में फैली गंदगी के कारण यहां से गुजरना भी मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों के अनुसार, समस्या को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बाद भी गंदगी और जलभराव की समस्या जस की तस बनी हुई है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाने, कूड़े के ढेर हटवाने, नालियों की सफाई कराने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और बीमारी फैलने का खतरा टाला जा सके।

इस दौरान मनोज, देवीराम, डोरी लाल, गणेश, पुनीत, तरुण, जय, धर्मो, मनीष, जग्गौ, फतेह सिंह, विशाल, रेनू आदि ग्रामीण मौजूद रहे।

Previous News

विवाहिता की संदिग्ध मौत में नया मोड़, डॉक्टर पर फर्जी पोस्टमार्टम रिपोर्ट बनाने का आरोप

Next News

मथुरा में मिलावटी पनीर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 900 किलो नकली पनीर जब्त कर कराया नष्ट; फैक्ट्री सील