Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 13 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
विवाहिता की संदिग्ध मौत में नया मोड़, डॉक्टर पर फर्जी पोस्टमार्टम रिपोर्ट बनाने का आरोप

रिपोर्ट— ब्रजवासी लाल

मथुरा।
थाना मगोर्रा क्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मृतका के भाई और परिजनों ने पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर पर साक्ष्य छिपाने और कथित तौर पर गलत रिपोर्ट तैयार करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत एसएसपी से करते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

गौतमबुद्ध नगर निवासी दीपेश के मुताबिक, 9 अगस्त को उनकी बहन डोली की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मामले में पति जगदीश, ससुर चंद्रभान और सास मिथलेश समेत अन्य ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है।

परिजनों का आरोप है कि पोस्टमार्टम हाउस के डॉ. राहुल सिंह ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह ‘हार्ट अटैक’ बताई है, जबकि मृतका के शरीर और गर्दन पर गला दबाने और मारपीट के गंभीर निशान होने का दावा परिवार कर रहा है। परिजनों का कहना है कि इन चोटों से संबंधित वीडियो साक्ष्य भी उनके पास मौजूद हैं। इसी आधार पर परिवार ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए डॉक्टर की भूमिका की जांच की मांग की है।

मृतका के जीजा ने आरोप लगाया कि पति अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था और अपने ही भाई के साथ उसके कथित अवैध संबंधों को लेकर विवाद करता था। परिवार का आरोप है कि इसी पारिवारिक कलह और शक के चलते डोली के साथ मारपीट की गई और उसका गला दबाकर हत्या की गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि 4 दिसंबर को शादी के बाद से ही डोली को अतिरिक्त दहेज के लिए ससुरालीजन प्रताड़ित करते थे।

पीड़ित परिवार ने अब मामले में दोषी पाए जाने पर डॉक्टर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, साथ ही AIIMS या KGMU के विशेषज्ञ डॉक्टरों का मेडिकल बोर्ड गठित कर दोबारा जांच कराने की मांग की है। परिवार का कहना है कि निष्पक्ष जांच के बाद ही विवाहिता की मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट को लेकर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और संबंधित अधिकारियों की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।

Previous News

ई-रिक्शा चालक बनेंगे ‘स्वच्छता एंबेसडर’, समस्याओं के समाधान के लिए बनेगी समिति: नगरायुक्त

Next News

सुरीर बस स्टैंड तिराहे पर गंदगी का अंबार, सड़क पर बह रहा नालियों का गंदा पानी... ग्रामीण बेहाल