रिपोर्ट— राहुल ठाकुर
वृंदावन। पानीगांव संपर्क मार्ग स्थित मंडी परिसर में ई-रिक्शा चालकों के साथ जन जागरूकता एवं स्वच्छता संवाद अधिवेशन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी सीपी, एसएसपी श्लोक कुमार, तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजकांत मिश्र, एमवीडीए उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन. और नगरायुक्त ओजस्वी राज मौजूद रहे।
कार्यक्रम में नगरायुक्त ओजस्वी राज ने कहा कि ब्रज मंडल को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए पिछले दो माह से ‘ब्रज वैभव अभियान’ चलाया जा रहा है। वृंदावन आने वाले श्रद्धालुओं का सबसे पहला संपर्क अक्सर ई-रिक्शा और ऑटो चालकों से होता है। ऐसे में ई-रिक्शा चालकों को ‘स्वच्छता एंबेसडर’ बनाकर स्वच्छता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की पहल की जा रही है।
नगरायुक्त ने चालकों से अपील की कि वह श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ वृंदावन की साफ-सफाई बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा चालक ब्रज की छवि बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
वहीं ई-रिक्शा चालकों की समस्याओं को लेकर भी नगरायुक्त ने बड़ा आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि चालकों की समस्याओं के समाधान के लिए एक समिति गठित की जाएगी। समिति चालकों के प्रतिनिधिमंडल से समस्याओं और शिकायतों के संबंध में आवेदन प्राप्त करेगी और उनका नियमानुसार निस्तारण कराने का प्रयास करेगी।
कार्यक्रम को ‘हर घर तिरंगा अभियान’ से भी जोड़ा गया। अधिकारियों ने ई-रिक्शा चालकों से स्वच्छता के साथ-साथ राष्ट्रभक्ति और जनजागरूकता के संदेश को भी आगे बढ़ाने की अपील की।