मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर आरोपी और उसकी पत्नी को जीआरपी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जीआरपी मथुरा जंक्शन और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को प्लेटफॉर्म नंबर 8 की आगरा साइड स्थित झाड़ियों के पास से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से पीली धातु की एक जोड़ी झुमकी, एक अंगूठी और 5 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई है। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दोनों मिलकर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को अपना निशाना बनाते थे। चोरी किए गए सामान को राह चलते लोगों को बेच देते थे और उससे मिलने वाली रकम को खर्च कर देते थे।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि 8 अगस्त 2026 को मथुरा जंक्शन से एक महिला का हैंडबैग चोरी किया था। इसके अलावा 3 जुलाई को भीड़ का फायदा उठाकर एक महिला के कान से कुंडल खींचने की बात भी कबूल की।