मथुरा। दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-19) पर जैंत थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह बालू से भरे ट्राले और खजूर से लदे ट्रक की भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रक का क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए तत्काल सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोटा छरौरा के पास दिल्ली की ओर जा रहा खजूर से लदा ट्रक आगे चल रहे बालू से भरे ट्राले से टकरा गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रक को थाने लाने का प्रयास किया।
इसी दौरान जैंत थाने के सामने हाईवे पर ट्रक दोबारा पलट गया। ट्रक के पलटते ही उसमें लदे खजूर सड़क पर बिखर गए। इसके बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और सड़क पर बिखरे खजूर उठाकर ले जाने लगी।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लोग हेलमेट, गमछे और अन्य सामान में खजूर भरकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। हादसे के बाद खजूर लूटने की होड़ का यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।