मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव में नाली निर्माण को लेकर भतीजे और चाची के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवक के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई और उस पर ब्लेड से हमला कर दिया गया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक सुधीर पुत्र राजपाल निवासी मुकुंदपुर ने बताया कि बुधवार सुबह घर के दरवाजे पर नाली निर्माण को लेकर उसकी अपनी सगी चाची से विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान चाची ने ब्लेड से हमला कर उसे घायल कर दिया। युवक के शरीर से काफी खून निकलने के बाद वह घायल अवस्था में थाना हाईवे पहुंचा।
पुलिस ने घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए मथुरा जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना के बाद थाना हाईवे पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।