80वें स्वतंत्रता दिवस को लेकर मथुरा-वृंदावन नगर निगम ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को तेज कर दिया है। स्वतंत्रता दिवस से पहले मथुरा शहर को देशभक्ति के रंग में रंगने के लिए नगर निगम ने 1 लाख 39 हजार घरों तक राष्ट्रीय ध्वज पहुंचाने और लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने बताया कि अभियान के तहत नगर निगम के सभी 70 वार्डों में पार्षदों के माध्यम से तिरंगे घर-घर पहुंचाए जा रहे हैं, ताकि 15 अगस्त को अधिक से अधिक घरों पर तिरंगा शान से लहराता दिखाई दे।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 14 अगस्त को नगर निगम कार्यालय से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा श्रीकृष्ण जन्मभूमि, होली गेट, पुराने बस स्टैंड सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी और निर्धारित स्थान टैंक चौराहे पर पहुंचकर संपन्न होगी।
तिरंगा यात्रा के माध्यम से शहरवासियों को राष्ट्रप्रेम, एकता और स्वच्छता का संदेश दिया जाएगा। नगर निगम की ओर से यात्रा को लेकर तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं।
वहीं 13 अगस्त को वृंदावन मंडी में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान सुबह ई-रिक्शा चालकों को राष्ट्रीय ध्वज वितरित किए जाएंगे।
इसके साथ ही ई-रिक्शा चालकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया जाएगा।
नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने जनपदवासियों से अपील की है कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी प्रेरणादायी कहानियां और अपने क्षेत्र के स्वतंत्रता सेनानियों से जुड़े प्रसंग जरूर साझा करें।
उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल घरों पर तिरंगा लगाने का अभियान नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का प्रयास है।
नगर निगम की इस पहल के बाद अब स्वतंत्रता दिवस से पहले मथुरा-वृंदावन को तिरंगे के रंग में सजाने की तैयारियां तेज हो गई हैं।