विश्व स्तनपान सप्ताह-2026 के अंतर्गत संस्कृति आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल के स्त्री एवं प्रसूति तंत्र विभाग और आरोग्य भारती, ब्रज प्रांत, मथुरा के संयुक्त तत्वावधान में के.आर. डिग्री कॉलेज में स्तनपान जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया।
कार्यक्रम विश्वविद्यालय की सीईओ डॉ. मीनाक्षी और प्राचार्य डॉ. मोहनन एम. के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में स्त्री एवं प्रसूति तंत्र विभाग की सहायक आचार्या डॉ. रेखा ने छात्राओं, शिक्षकों और अन्य प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने स्तनपान के महत्व के साथ जन्म के पहले घंटे में स्तनपान शुरू करने और शिशु को पहले छह माह तक केवल मां का दूध देने की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि छह माह के बाद बच्चे को उम्र के अनुसार पूरक आहार के साथ दो वर्ष या उससे अधिक समय तक स्तनपान कराया जा सकता है।
डॉ. रेखा ने कहा कि मां का दूध शिशु के लिए सर्वोत्तम, सुरक्षित और संपूर्ण पोषण का स्रोत है। यह बच्चे की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने के साथ-साथ उसके शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
व्याख्यान के दौरान डॉ. रेखा ने आयुर्वेद में वर्णित मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संबंधी सिद्धांतों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मातृत्व और स्वस्थ बाल विकास के लिए स्तनपान जीवन की एक महत्वपूर्ण और बेहतर शुरुआत है।
उन्होंने माताओं के लिए उचित पोषण और प्रसव के बाद शिशु की देखभाल को भी महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और स्तनपान, मातृ पोषण तथा नवजात शिशु की देखभाल से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे। डॉ. रेखा ने इन सवालों का वैज्ञानिक और आयुर्वेदिक दृष्टिकोण से समाधान किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्तनपान के महत्व का संदेश समाज तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय प्रशासन ने इस जन-जागरूकता पहल की सराहना की और कहा कि स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में लोगों को लगातार जागरूक किया जा सके।
चित्र परिचय: संस्कृति आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल के स्त्री एवं प्रसूति तंत्र विभाग और आरोग्य भारती के संयुक्त तत्वावधान में विश्व स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत के.आर. डिग्री कॉलेज में छात्राओं को जागरूकता व्याख्यान देती वक्ता।