मथुरा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा 15 अगस्त को भव्य प्रभात फेरी निकाली जाएगी। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को होली गेट स्थित महानगर कांग्रेस कार्यालय पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पं. यतेंद्र मुकद्दम ने की।
बैठक में आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पं. यतेंद्र मुकद्दम ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुबह 6 बजे होली गेट से भव्य प्रभात फेरी निकाली जाएगी। प्रभात फेरी शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी।
प्रभात फेरी का रूट होली गेट → कोतवाली रोड → भरतपुर गेट → घीया मंडी → चौक बाजार → स्वामी घाट → विश्राम बाजार → छत्ता बाजार होते हुए पुनः होली गेट पहुंचेगा।
इसके बाद होली गेट स्थित महानगर कांग्रेस कार्यालय पर ध्वजारोहण किया जाएगा।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने बताया कि महानगर कांग्रेस कार्यालय पर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण की परंपरा लगभग 60 वर्षों से लगातार चली आ रही है। इस परंपरा को इस वर्ष भी पूरी गरिमा और उत्साह के साथ निभाया जाएगा।
वहीं, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा वरिष्ठ एवं बुजुर्ग कांग्रेसजनों का सम्मान भी किया जाएगा। ऐसे कांग्रेसजनों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने लंबे समय तक कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ जनसेवा के कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
बैठक में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम को भव्य एवं सफल बनाने के लिए पूरी सक्रियता के साथ तैयारियों में जुटने का संकल्प लिया।