मथुरा। पवित्र श्रावण मास में चल रही कांवड़ यात्रा को लेकर मथुरा प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा ने संयुक्त रूप से थाना राया क्षेत्र के राया कट का निरीक्षण कर कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान अधिकारियों ने कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना और यात्रा के दौरान मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं को मौके पर परखा।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, यातायात सुचारू बनाए रखने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
डीएम-एसएसपी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न हो, इसके लिए प्रशासन और पुलिस लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही है।