Please wait we are preparing awesome things...

Sunday, 09 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर कार सेवा के आह्वान को लेकर पुलिस अलर्ट, आगरा से पहुंची महिला को समझाकर लौटाया

मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर कुछ लोगों द्वारा कार सेवा किए जाने के आह्वान को देखते हुए मथुरा जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान की ओर जाने वाले लोगों पर निगरानी रखी और किसी भी ऐसी गतिविधि की अनुमति नहीं दी गई, जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका हो।

बताया गया कि आगरा से आई मीरा ठाकुर श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर कार सेवा के लिए जाने का प्रयास कर रही थीं। पुलिस ने उन्हें मौके पर समझाया और स्थिति से अवगत कराते हुए वापस रवाना कर दिया।

इस संबंध में एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्मस्थान से संबंधित न्यायालय के आदेशों के तहत किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि या नई परंपरा शुरू करने पर रोक है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों द्वारा यहां आने का आह्वान किया गया था, जिसकी अनुमति नहीं ली गई थी। ऐसे लोगों के नजर आने पर उन्हें तत्काल वहां से हटाकर संबंधित थानों की ओर वापस भेज दिया गया।

एसपी सिटी ने बताया कि पूरा प्रकरण न्यायालय की निगरानी में है और न्यायालय के निर्देशों के अनुसार श्रीकृष्ण जन्मस्थान की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी गई है। सभी संबंधित संगठनों को न्यायालय के आदेशों और निर्देशों से अवगत करा दिया गया है। पुलिस के अनुसार सभी पक्षों से संवाद कायम है और उन्होंने न्यायालय के निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है। जो लोग जानकारी के अभाव में यहां आने का प्रयास कर रहे हैं, उन्हें स्थिति से अवगत कराकर सम्मानपूर्वक वापस भेजा जा रहा है। फिलहाल मथुरा में शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है।

Previous News

राया कट पर डीएम-एसएसपी ने कांवड़ यात्रियों से की बातचीत, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Next News

रमणरेती आश्रम पहुंचे पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, गुरु शरणानंद जी महाराज से लिया आशीर्वाद