Please wait we are preparing awesome things...

Sunday, 09 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मथुरा में तार चोर गिरोह से पुलिस की मुठभेड़, 5 बदमाश गिरफ्तार; एक के पैर में लगी गोली

मथुरा। नौहझील थाना क्षेत्र में शनिवार रात पुलिस और बिजली के तार चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के बीच मुठभेड़ हो गई। नौहझील पुलिस, एंटी थेफ्ट और एंटी रिवॉर्डेड टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने 5 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि तार चोरी करने वाला गिरोह अहमदपुर-कोलाहार कच्चे रास्ते की ओर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक लोडर गाड़ी आती दिखाई दी।

पुलिस ने जब गाड़ी को रोकने का इशारा किया तो उसमें सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आगरा निवासी आकाश के पैर में गोली लग गई। गोली लगने के बाद वह मौके पर गिर पड़ा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसके चार अन्य साथियों राकेश, शानू, मुराद और प्रवीन उर्फ ललुआ को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से 2 तमंचे, कारतूस, तार काटने का कटर, रस्सा, रबर ग्लव्स, चोरी किए गए सफेद धातु के तार का बंडल और बिना नंबर प्लेट की लोडर गाड़ी बरामद की है।

सीओ मांट के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सरकारी विद्युत खंभों से बिजली के तार चोरी करने वाले गिरोह से जुड़े हैं और अंतरजनपदीय स्तर पर वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों और सदस्यों की जानकारी जुटा रही है।

Previous News

मथुरा जंक्शन पर मोबाइल चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी का मोबाइल बरामद

Next News

लूटकांड के खुलासे पर लघु उद्योग भारती ने मथुरा पुलिस का किया सम्मान