मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल और सामान चोरी करने वाले एक शातिर चोर को जीआरपी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। आरोपी ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों और प्लेटफॉर्म पर सो रहे यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देता था।जीआरपी इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि थाना जीआरपी मथुरा जंक्शन की टीम आरपीएफ जवानों के साथ रेलवे स्टेशन परिसर में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर आगरा की तरफ एक संदिग्ध युवक मौजूद है।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान युवक घबरा गया। इसके बाद उसे जीआरपी थाने लाकर पूछताछ की गई और तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी किया गया एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरि शंकर पुत्र गोरेलाल, निवासी दमोह, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों और रेलवे प्लेटफॉर्म पर सोने वाले यात्रियों के मोबाइल एवं अन्य सामान चोरी कर फरार हो जाता था।