मथुरा। विश्व हिंदू महासंघ के एकदिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गौ संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। इस दौरान शंखनाद कर श्रीकृष्ण जन्मस्थान की मुक्ति के लिए भी संकल्प लिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीराधा-कृष्ण और गौमाता के चित्रपट के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
महासंघ के गौरक्षा प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश गौसेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय ने गौ संरक्षण और संवर्धन के लिए सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने गौशाला संचालकों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गौशालाओं के लिए सरकार की ओर से पर्याप्त मदद उपलब्ध कराई जा रही है।
रमाकांत उपाध्याय ने कहा कि यदि सही तरीके से गौ संवर्धन के प्रयास किए जाएं तो हर किसान के घर में गाय हो सकती है। उन्होंने गौ आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों को गोपालन के लिए प्रोत्साहित करने की आवश्यकता बताई।
विशिष्ट अतिथि महासंघ के कार्यकारी अध्यक्ष योगी तेजपाल सिंह ने कहा कि सनातन धर्म की मजबूती और गोधन की सुरक्षा के लिए गौ संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की आवश्यकता है। वहीं, श्री श्री 1008 मधुसूदन महाराज ने विश्व हिंदू महासंघ के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि देश के छोटे-छोटे क्षेत्रों तक पहुंच बनाकर संगठन सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि गोविंद की भूमि से किया गया गौरक्षा का आह्वान निश्चित रूप से रंग लाएगा।