मथुरा। थाना गोविंद नगर क्षेत्र की राधाकृष्ण वाटिका में एक व्यक्ति की हत्या के मामले ने सनसनी फैला दी है। मृतक मनोज सोनी की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसकी पत्नी, बेटी और बेटी के प्रेमी को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने हत्या की बात कबूल की है। आरोप है कि हत्या के बाद शव को कहीं गड्ढे में दफना दिया गया। पुलिस शव की बरामदगी के लिए लगातार तलाश कर रही है।
बताया जा रहा है कि घटना 18 और 19 अप्रैल की दरमियानी रात की है। परिजनों के अनुसार, मनोज सोनी अपनी पत्नी और बेटी के कथित संबंधों का विरोध करते थे। इसी विवाद को हत्या की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस की जांच पूरी होने और अन्य साक्ष्य सामने आने के बाद ही घटना की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।
परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद मृतक की पत्नी ने 21 अप्रैल को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन अगले दिन शिकायत वापस ले ली। बाद में 7 जून को घर पर ताला लगाकर मां-बेटी और उनके साथ मौजूद अन्य लोग फरार हो गए। इसके बाद मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने जांच तेज की और आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस अब आरोपियों की निशानदेही पर मनोज सोनी के शव की तलाश कर रही है। गुरुवार से पुलिस की टीमें अक्रूर और धारा के जंगल क्षेत्र में तलाशी अभियान चला रही हैं, लेकिन अभी तक शव बरामद नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि आरोपी लगातार अलग-अलग जानकारी देकर जांच को भटकाने का प्रयास कर रहे हैं।
इसी क्रम में शनिवार दोपहर गोविंद नगर पुलिस स्निफर डॉग और आरोपियों को लेकर मनोज सोनी के घर पहुंची। पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्र में काफी देर तक छानबीन की। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। कई घंटे की तलाश के बाद भी शव का सुराग नहीं लग सका, जिसके बाद पुलिस टीम दोबारा जंगल क्षेत्र में तलाश के लिए रवाना हो गई।
मृतक की बड़ी बेटी ने रोते हुए अपनी मां और बहन पर पिता की हत्या का आरोप लगाया। उसने पुलिस से जल्द से जल्द पिता के शव को बरामद करने की मांग की, ताकि उनका अंतिम संस्कार किया जा सके।