मथुरा-वृंदावन नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को लेकर नगर आयुक्त ओजस्वी राज के सख्त निर्देशों का असर अब जमीन पर दिखाई देने लगा है। नगर निगम ने घर-घर से कूड़ा उठाने की व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए सभी 70 वार्डों में सुबह 8 बजे तक डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन पूरा करने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए सफाई व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि इससे पहले शहर में घरों से कूड़ा उठाने का काम सुबह करीब 10 से 11 बजे तक चलता था। ऐसे में सुबह के समय कई सड़कों और गलियों में कूड़े के ढेर दिखाई देते थे। इससे न केवल लोगों को परेशानी होती थी, बल्कि शहर की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठते थे।
नई व्यवस्था के तहत डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन करने वाले वाहनों को सुबह करीब 5 बजे कार्यशाला से रवाना किया जा रहा है। इसके बाद वाहन अपने-अपने निर्धारित वार्डों में पहुंचकर घर-घर से कूड़ा एकत्रित कर रहे हैं। नगर निगम का प्रयास है कि अधिकांश क्षेत्रों में सुबह 8 बजे तक कूड़ा उठाने का काम पूरा हो जाए, जिससे दिन की शुरुआत साफ-सुथरे माहौल में हो।
डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के साथ ही नगर निगम क्षेत्र के डलावघरों की सफाई व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। पहले डलावघरों पर डंपर, ट्रैक्टर और जेसीबी जैसे संसाधन सुबह करीब 9 बजे पहुंचते थे, जिसके कारण काफी देर तक कूड़ा जमा रहता था। अब नगर आयुक्त के निर्देश के बाद डलावघरों की सफाई का काम भी सुबह करीब 5 बजे से शुरू किया जा रहा है।
नगर निगम की इस नई व्यवस्था का उद्देश्य शहर की सड़कों, गलियों और डलावघरों पर सुबह के समय कूड़ा जमा रहने की समस्या को खत्म करना है। अधिकारियों का कहना है कि समयबद्ध तरीके से सफाई और कूड़ा उठाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि मथुरा-वृंदावन को सुबह से ही स्वच्छ और बेहतर वातावरण मिल सके।
नगर आयुक्त ओजस्वी राज के सख्त निर्देशों के बाद अब सफाई व्यवस्था में समय की पाबंदी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और इसका असर शहर के कई क्षेत्रों में दिखाई देने लगा है।