हल्द्वानी। उत्तराखंड की रहने वाली सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रेनू धरियाल ने अपने बेहद लंबे बालों की वजह से दुनियाभर में खास पहचान बनाई है। उनके 271.50 सेंटीमीटर यानी 8 फीट 10 इंच लंबे बालों को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है।
रेनू के बालों की लंबाई एक सामान्य इंसान की ऊंचाई से भी ज्यादा है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के मुताबिक उन्होंने जीवित महिला के सबसे लंबे बाल का रिकॉर्ड अपने नाम किया है। इस उपलब्धि के बाद सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं।
रेनू ने बताया कि गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराना उनका सपना था, जिसे उन्होंने लंबे समय की मेहनत, धैर्य और बालों की लगातार देखभाल से पूरा किया। इंटरनेट पर लोग उन्हें उनके बेहद लंबे बालों की वजह से 'रैपुंजल' भी कह रहे हैं।
उनकी इस उपलब्धि पर परिवार और स्थानीय लोगों के साथ-साथ सोशल मीडिया यूजर्स भी उन्हें बधाई दे रहे हैं। रेनू की कहानी अब भारत की अनोखी उपलब्धियों में शामिल हो गई है।