Please wait we are preparing awesome things...

Saturday, 08 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
छात्र की हत्या का खुलासा: मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार, मुख्य आरोपी की पत्नी भी हिरासत में

मथुरा। थाना छाता पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नीमगांव निवासी छात्र विपिन की गला रेतकर की गई हत्या का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हुए हैं। उनके कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस, हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार और घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद की गई है। वहीं, मामले में शामिल मुख्य आरोपी विक्रम की पत्नी को भी पुलिस ने उसके घर से गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, विपिन 4 अगस्त को घर से निकला था, जिसके बाद वह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजनों की तलाश के बीच 5 अगस्त को थाना जैंत क्षेत्र के धौरेरा के जंगल में एक खंडहरनुमा कोठरी से उसका शव बरामद हुआ था। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस और सर्विलांस टीम को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद गोवर्धन-छाता मार्ग पर रनवारी के पास बिना नंबर की संदिग्ध स्विफ्ट कार को पुलिस टीम ने घेर लिया। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में विक्रम और अमन गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा। वहीं, उनका एक साथी तेजपाल मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

पूछताछ और जांच के बाद शनिवार सुबह पुलिस ने आरोपी विक्रम की पत्नी को भी उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस, हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार और स्विफ्ट कार बरामद की है।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपी तेजपाल की तलाश में जुटी है। हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों की भूमिका को लेकर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

Previous News

8 फीट 10 इंच लंबे बाल, उत्तराखंड की रेनू धरियाल का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज

Next News

अल्मोड़ा के युवक ने बनाई उड़ने वाली कार, सफल टेस्ट फ्लाइट का वीडियो वायरल