मथुरा। गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी, ब्रज तीर्थ विकास परिषद तथा अमरनाथ गर्ल्स डिग्री कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 'मुंदरिया प्रेम रासलीला' ने पाञ्चजन्य ऑडिटोरियम में दर्शकों को प्रेम, भक्ति और माधुर्य के दिव्य रंग में सराबोर कर दिया। राधा-कृष्ण की मनमोहक लीलाओं और मनोहारी प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार को तालियों की गड़गड़ाहट से गुंजायमान कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि लक्ष्मी नागप्पन एवं विशिष्ट अतिथियों डॉ. अनिल वाजपेयी, अनूप शर्मा, सद्गुरु डॉ. चारु दत्त पिंगले, रवि भारद्वाज, मनोज राठौर और गोपाल अग्रवाल द्वारा श्री राधा-कृष्ण की छवि के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इसके बाद अमरनाथ गर्ल्स डिग्री कॉलेज की छात्राओं ने श्रीकृष्ण और राधा की मनोहारी रासलीला प्रस्तुत की। कलाकारों के भावपूर्ण अभिनय, नृत्य और संगीत ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान पूरा ऑडिटोरियम बार-बार तालियों की गूंज से भर उठा।
मुख्य अतिथि लक्ष्मी नागप्पन ने छात्र-छात्राओं को आशीर्वाद देते हुए कहा कि इस प्रकार की भव्य रासलीला का मंचन जन्माष्टमी के अवसर पर ब्रज में बार-बार होना चाहिए, जिससे नई पीढ़ी भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं से जुड़ सके।
रासलीला में राधा, कृष्ण, सखियों और मनसुखा की भूमिकाओं में प्रांजल, वंशिका, प्रियांशी, पायल, गरिमा, शिवानी, यति तथा ऋषभ ने शानदार अभिनय और आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में गीत, संगीत, गायन और वादन की जिम्मेदारी आकाश शर्मा, पाठक जी, परम, मनजीत, कौशिक जी, नेहा, यशस्वी और प्रार्थना ने संभाली। पूरी प्रस्तुति का निर्देशन एवं परिकल्पना प्रो. दिनेश खन्ना द्वारा की गई, जिसकी दर्शकों ने मुक्तकंठ से सराहना की।