Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 06 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
9 से 17 अगस्त तक तिरंगामय होगा मथुरा, डीएम ने जन-जन से की सहभागिता की अपील

भारत सरकार के "हर घर तिरंगा अभियान 2026" एवं "वंदे मातरम्" के तृतीय चरण के अंतर्गत जनपद मथुरा में 9 से 17 अगस्त तक विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने सभी नागरिकों, व्यापारियों, होटल, रेस्टोरेंट, आश्रम, गेस्ट हाउस, ढाबा संचालकों, पेट्रोल पंप, अस्पताल, गैस एजेंसियों, उद्यमियों एवं अन्य प्रतिष्ठानों से अपने घरों और संस्थानों पर तिरंगा एवं तिरंगा लाइटिंग लगाने की अपील की है।

जिलाधिकारी ने सभी शैक्षणिक संस्थानों में प्रतियोगिताओं के आयोजन, शहीद स्थलों एवं स्मारकों की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण, काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस पर वीरों को श्रद्धांजलि, यूथ कनेक्ट तिरंगा रैली तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने तिरंगा महोत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रम, तिरंगा मेले, स्वयं सहायता समूहों एवं स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी, तिरंगे के साथ सेल्फी अभियान तथा हर घर तिरंगा पोर्टल पर अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। प्रमुख स्थानों पर तिरंगे की बिक्री एवं वितरण की व्यवस्था भी की जाएगी।

नगर निगम और मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण को प्रमुख चौराहों, मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा थीम पर सजाने तथा तिरंगा लाइटिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं। जनपदभर में तिरंगा रैलियों से पूर्व सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन कराया जाएगा।

15 अगस्त को सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, शहीद स्मारकों और अमृत सरोवरों पर ध्वजारोहण किया जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्रों, वृद्धाश्रमों, निराश्रित एवं दिव्यांग आश्रमों तथा बाल सुधार गृहों में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर मिष्ठान वितरण किया जाएगा। ग्राम पंचायतों में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में गोष्ठियों एवं व्याख्यानों का आयोजन होगा, जबकि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीद सैनिकों के परिजनों एवं पूर्व सैनिकों का सम्मान भी किया जाएगा।

स्कूलों और कॉलेजों में देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम, तिरंगा रैलियां, दीवारों पर तिरंगा प्रेरित कलाकृतियां और स्वतंत्रता सेनानियों के चित्र बनाए जाएंगे। सरकारी भवनों, रेलवे स्टेशन, बाजारों और प्रमुख मार्गों पर तिरंगा थीम आधारित प्रकाश सज्जा और रंगोली भी बनाई जाएगी।

Previous News

वृंदावन में झमाझम बारिश से मौसम सुहाना, सड़कें बनीं तालाब; श्रद्धालुओं की बढ़ी मुश्किलें

Next News

मुंदरिया प्रेम रासलीला में जीवंत हुईं राधा-कृष्ण की लीलाएं, भक्ति और प्रेम में सराबोर हुए दर्शक