Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 06 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
वृंदावन में झमाझम बारिश से मौसम सुहाना, सड़कें बनीं तालाब; श्रद्धालुओं की बढ़ी मुश्किलें

वृंदावन। कान्हा की नगरी वृंदावन और आसपास के इलाकों में गुरुवार तड़के से रुक-रुककर हो रही झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। बारिश से पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस झेल रहे स्थानीय लोगों के साथ देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिली। तापमान में गिरावट के साथ धर्मनगरी का मौसम सुहावना हो गया।

एक ओर बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर शहर के कई इलाकों में हुए जलभराव ने नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। लगातार बारिश के चलते वृंदावन के कई प्रमुख बाजारों, सड़कों और गलियों में पानी भर गया।

बारिश के कारण रंगनाथ बाजार, गोपीनाथ बाजार और CFC चौराहा समेत कई प्रमुख मार्गों पर जलभराव की स्थिति बन गई। कई स्थानों पर सड़कों पर काफी पानी जमा होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

बाजारों में पानी भरने से स्थानीय दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित हुआ। दुकानों तक पहुंचने में लोगों को परेशानी हुई, वहीं कई स्थानों पर आवागमन भी प्रभावित नजर आया।

वृंदावन में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को भी जलभराव के कारण परेशानी उठानी पड़ी। ठाकुर बांके बिहारी मंदिर सहित अन्य प्रमुख मंदिरों की ओर जाने वाले मार्गों पर पानी जमा होने के कारण भक्तों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा।

बारिश ने जहां धर्मनगरी के मौसम को खुशनुमा बना दिया, वहीं प्रमुख इलाकों में जलभराव ने एक बार फिर शहर की जल निकासी व्यवस्था की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Previous News

दिल्ली में झमाझम बारिश का कहर, विशाल बरगद का पेड़ गिरा; तीन गाड़ियां दबीं

Next News

9 से 17 अगस्त तक तिरंगामय होगा मथुरा, डीएम ने जन-जन से की सहभागिता की अपील